NEXT 23 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित हवाला और नोटों की हेराफेरी से जुड़े एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 65 लाख रुपए की दिखने वाली नोटों की गड्डियां और एक कार बरामद की है। जांच में खुलासा हुआ कि गड्डियों के ऊपर और नीचे 500-500 रुपए के असली नोट लगे हुए थे, जबकि बीच में नोटों के आकार के सफेद कागज भरे गए थे। बरामद गड्डियों में केवल 13 हजार रुपए ही असली पाए गए।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में हवाला और नोटों के लेन-देन से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने नाकाबंदी कर कार्रवाई की और दो संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जैतासर निवासी ओमप्रकाश नैण तथा धोलिया निवासी महेंद्र गोदारा के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है।
गड्डियां खोलते ही पुलिस भी रह गई हैरान
पुलिस ने जब बरामद नोटों की गड्डियों की गहन जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पहली नजर में करीब 65 लाख रुपए की रकम प्रतीत होने वाली गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगे थे, जबकि बीच में सफेद कागज रखकर उन्हें नोटों जैसा आकार दिया गया था। इस तरह केवल 13 हजार रुपए के असली नोटों के सहारे लाखों रुपए की नकली रकम का आभास तैयार किया गया था।
बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला केवल नकली गड्डियों तक सीमित नहीं लग रहा है। पूछताछ में हवाला और ठगी के बड़े नेटवर्क से जुड़े तार सामने आने की संभावना है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले की जांच जारी है तथा पुलिस को उम्मीद है कि आगामी पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।




















अब युवाओं का यही काम बचा है