पीड़ित का आरोप- लाठी से की तोड़फोड़, ग्रामीणों ने माचिस छीनकर टाली बड़ी घटना, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
NEXT 5 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के धनेरू गांव में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक द्वारा दुकान में आग लगाने का प्रयास करने, तोड़फोड़ करने और गल्ले से नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार धनेरू निवासी रमेश पुत्र सांवरमल ने रिपोर्ट में बताया कि 27 जून की शाम करीब 8:15 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव निवासी पवन पुत्र ओमप्रकाश देराश्री कथित रूप से तेज गति से गाड़ी लेकर उसकी दुकान के सामने आया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा दुकान को आग लगाने की धमकी दी।
रिपोर्ट में आरोप है कि आरोपी ने तेल डालकर दुकान में आग लगाने का प्रयास किया और लाठी से दुकान में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो परिवादी की बहन ने अपने मोबाइल से बनाया। शोर-शराबा होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी के हाथ से माचिस छीनकर आग लगने की घटना को टाल दिया।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धक्का देकर दुकान के गल्ले में रखे करीब तीन हजार रुपए निकाल लिए। जाते समय आरोपी ने गाड़ी चढ़ाकर परिवादी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र को सौंपी है।



















