NEXT 27 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कालूबास निवासी एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के भाई ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसकी तलाश की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कालूबास निवासी पिंकू कुमार सुथार पुत्र लूणाराम सुथार ने रिपोर्ट में बताया कि उसका 50 वर्षीय भाई राकेश 20 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे कालूबास निवासी मनोज पुत्र बेगाराम जाट के साथ घर से गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
रिपोर्ट में बताया गया कि 23 जुलाई की शाम मनोज से संपर्क करने पर उसने बताया कि उसने राकेश को सिरोही में दोपहर करीब 2 बजे सरकारी बस में बैठा दिया था। इसके बाद से राकेश का कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों ने रिश्तेदारों सहित संभावित स्थानों पर काफी तलाश और पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। राकेश के अनपढ़ होने के कारण परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है।




















