NEXT 4 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के कथित गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर अब सामाजिक संगठनों और आमजन में नाराजगी बढ़ने लगी है। आपणों गांव सेवा समिति ने संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को शिकायत पत्र भेजकर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित, शूरवीर मोदी, मदन सोनी और राज सुथार सहित समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सक समय पर अपनी सीट पर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समिति के अनुसार सोमवार को हुए सड़क हादसे के बाद मेडिकल टीम ने अस्पताल को करीब 20 मिनट पहले ही घायलों के पहुंचने की सूचना दे दी थी। इसके बावजूद जब घायलों को उप जिला अस्पताल लाया गया तो ऑन ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थे। आरोप है कि घायलों के अस्पताल पहुंचने के करीब 20 मिनट बाद चिकित्सक अस्पताल पहुंचे, जिससे उपचार में देरी हुई।
समिति ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए ऑन ड्यूटी डॉक्टर एवं पीएमओ की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। समिति का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में भी इस तरह की लापरवाही मरीजों की जान पर भारी पड़ सकती है। इसलिए मामले की जांच कर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




















