NEXT 26 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्री ओसवाल पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच गया है। रविवार को होने वाले चुनाव से ठीक एक दिन पहले शनिवार को प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंच बनाने में पूरी ताकत झोंक दी है। कौन बाजी मारेगा और अध्यक्ष की कुर्सी किसके हिस्से आएगी, इसे लेकर समाज में चर्चाओं और कयासों का दौर तेज हो गया है। खास बात यह है कि श्रीडूंगरगढ़ के साथ प्रवासी समाज की भी इस चुनाव पर नजरें टिकी हुई हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजू हिरावत लगातार जनसंपर्क में जुटे हैं। युवाओं के बीच सक्रियता और समाज से लगातार जुड़े रहने के कारण उन्हें युवाओं के साथ-साथ श्रीडूंगरगढ़ में रहने वाले समाजबंधुओं, प्रवासियों और अनुभवी गणमान्यजनों का समर्थन एवं आशीर्वाद मिलने की बात सामने आ रही है। वहीं नारायण गोलछा भी पीछे नहीं हैं और लगातार जनसंपर्क कर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
कल दोपहर तक नामांकन वापसी
चुनाव की सबसे दिलचस्प कड़ी अभी बाकी है। चुनाव अधिकारी बिमल पुगलिया के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का इच्छुक व्यक्ति शनिवार शाम 7 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकता है। इसके बाद शनिवार रात 8 बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। ऐसे में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने तक चुनावी मैदान की तस्वीर में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
प्रवासियों की भी चुनाव पर नजर
ओसवाल पंचायत का चुनाव इस बार केवल स्थानीय समाज तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा। बड़ी संख्या में प्रवासी समाजबंधु भी चुनावी घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। सोशल मीडिया और आपसी संपर्क के माध्यम से चुनाव को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। हर खेमे में अपने-अपने समीकरण और जीत के दावे हैं, लेकिन असली फैसला मतपेटी में बंद मतों से ही होगा।
चुनाव संचालन के लिए टीम तैयार
चुनाव अधिकारी बिमल पुगलिया ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग के लिए मनीष नौलखा, के.एल. जैन, पवन बरड़िया और प्रदीप पुगलिया को नियुक्त किया है। अब सबकी नजरें नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आने वाली अंतिम तस्वीर पर टिकी हैं। इसके बाद रविवार को मतदान के साथ यह तय होगा कि श्री ओसवाल पंचायत की कमान किसके हाथ जाती है।



















