NEXT 24 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रानी बाजार में चल रही 67वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 14 वर्ष छात्रा वर्ग की सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लालासर की टीम उपविजेता रही। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। खास बात यह रही कि विद्यालय में खेल मैदान उपलब्ध नहीं होने के बावजूद शारीरिक शिक्षक राजूराम ने बच्चों को जोहड़ में अभ्यास करवाकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया।

टीम के प्रदर्शन के साथ ही विद्यालय की चार खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। इनमें कोमल कंवर, कविता, साक्षी बारोटिया और धर्मेंद्र सिंह शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय और गांव में खुशी का माहौल है।
प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने टीम के कोच राजूराम और सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और कोच के प्रयासों के प्रति आभार जताया।



















