गुरु का सम्मान ही भारतीय संस्कृति की पहचान, राजकीय कॉलेज में गुरु वंदन कार्यक्रम आयोजित
NEXT 4 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में मंगलवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (उच्च शिक्षा) की स्थानीय इकाई की ओर से गुरु वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्थानीय इकाई के अध्यक्ष एवं कार्यवाहक प्राचार्य अमित तंवर ने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण के मार्गदर्शक भी होते हैं। उन्होंने गुरु वंदन कार्यक्रम के आयोजन के पीछे के व्यावहारिक दृष्टिकोण और इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन इकाई सचिव नरपत सिंह चारण ने किया। उन्होंने संगठन की ओर से वर्षभर संचालित होने वाली विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में इकाई सदस्य निशा सोढ़ा ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कॉलेज में नशामुक्ति की शपथ दिलाई, हस्ताक्षर अभियान शुरू: विद्यार्थियों से कहा- नशे से दूर रहकर भविष्य संवारें
NEXT 4 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में मंगलवार को राजस्थान सरकार के नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

प्राचार्य अमित तंवर ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी निशा सोढ़ा ने कहा कि नई किरण अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के संकल्प का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




















