NEXT 5 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। शहर के तुलसी मेडिकल एवं रिसर्च सेंटर अस्पताल में गुरुवार को नि:शुल्क थायराइड (टीएसएच), शुगर और बीपी जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सभी जांचें निशुल्क होंगी। साथ ही फिजिशियन एवं थायराइड, शुगर व बीपी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामानंद सिद्ध मरीजों की जांच कर नि:शुल्क परामर्श देंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, फास्ट फूड और अनियमित दिनचर्या के कारण थायराइड, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। इसी को देखते हुए आमजन को बीमारी के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
अस्पताल के प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी ने बताया कि शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने मरीजों से अपील की है कि जो लोग पहले से थायराइड, शुगर या बीपी की दवा ले रहे हैं, वे अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट और दवा की पर्ची साथ लेकर आएं, ताकि चिकित्सक उनके स्वास्थ्य का बेहतर मूल्यांकन कर उचित परामर्श दे सकें।




















