अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की पहल: विधायक ने किया पोस्टर का विमोचन, प्रदेश में 35 हजार से अधिक छात्राओं को लाभ देने का लक्ष्य
NEXT 9 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली बेटियों के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। योजना के तहत चयनित छात्राओं को स्नातक अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के दौरान 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू होगी। योजना के पोस्टर का विमोचन रविवार को बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने किया।

विधायक व्यास ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक पात्र छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचना चाहिए। छात्रवृत्ति से बेटियों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे बेहतर परिणाम हासिल कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगी। इस दौरान उन्होंने फाउंडेशन के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की भी चर्चा की।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के डॉ. रविंद्र मारू ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए 10 से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। शाला दर्पण के माध्यम से फॉर्म भरें जाएंगे। चयनित छात्राओं को स्नातक अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के दौरान 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राजस्थान में इस वर्ष 35 हजार से अधिक छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्ष 2024-25 में 5,214 तथा वर्ष 2025-26 में 22,714 छात्राओं का इस योजना के तहत चयन हुआ था। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक चलेगा।
यह रहेगी पात्रता: छात्रा ने 10वीं एवं 12वीं कक्षा सरकारी विद्यालय से नियमित विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण की हो। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष अवधि के मान्यता प्राप्त स्नातक अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना आवश्यक है। छात्रवृत्ति के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
कार्यक्रम में उपनिदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य भी मौजूद रहे।




















