NEXT 14 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय उप जिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ में मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी व उमस से राहत दिलाने के लिए ‘आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़’ ग्रुप परिवार की ओर से भामाशाहों के सहयोग से 8 नए सीलिंग पंखे भेंट कर लगवाए गए। इसके साथ ही एक व्हीलचेयर और एमरजेंसी कक्ष व जनाना अस्पताल में प्रतिदिन ठंडे पानी की केन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की गई है।
सेवा कार्य में 2 पंखे विमल व्यास आडसर, 2 पंखे प्रकाश चंद्र मुंधड़ा आडसर बास हाल रायपुर तथा 4 पंखे और एक व्हील चेयर राजकुमार रमितकुमार बाफना श्रीडूंगरगढ़ हाल कालिकट, केरल की ओर से भेंट किए गए। इसके अलावा अस्पताल में पंखे लगवाने और वायरिंग के लिए रजनीश सर (एजी मिशन स्कूल) की ओर से 2100 रुपए का सहयोग किया गया। साथ ही एमरजेंसी कक्ष और जनाना अस्पताल में प्रतिदिन ठंडे पानी की केन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की गई है।
ग्रुप के समाजसेवी राजेन्द्र स्वामी ने बताया कि ‘आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़’ ग्रुप का उद्देश्य अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना है। गर्मी और उमस को देखते हुए पंखों की व्यवस्था की गई, ताकि मरीजों और तीमारदारों को राहत मिल सके।
उप जिला चिकित्सालय प्रशासन की ओर से अस्पताल प्रभारी डॉ. ओम स्वामी, नर्सिंग इंचार्ज रमाकांत शर्मा एवं फार्मासिस्ट संदीप पारीक ने ‘आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़’ ग्रुप एवं समस्त दानदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि दानदाताओं द्वारा किया गया यह सेवा कार्य मरीजों को सुविधा प्रदान करने के साथ समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है।




















