NEXT 15 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ में देशभक्ति का रंग नजर आया। सरकारी भवनों के साथ राजनीतिक, सामाजिक और शिक्षण संस्थानों में भी ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। कहीं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया तो कहीं समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर सेवा कार्य से जुड़े लोगों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दी।
भाजपा कार्यालय में शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने तिरंगे को सलामी दी। दर्जी ने कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को देश के विकास में योगभूत बनना चाहिए।
नेत्रदान और ऑक्सीजन सेवा के लिए अशोक झाबक का सम्मान
तेरापंथ युवक परिषद के माध्यम से नेत्रदान एवं ऑक्सीजन सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कस्बे के जैन युवा अशोक झाबक को उपखंड स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उपजिला अस्पताल की ओर से भी झाबक का सम्मान किया गया।
स्कूलों में विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां
कालूबास स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों ने मनोरम प्रस्तुतियां दीं। महावीर जाट ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। सनशाइन पब्लिक स्कूल में निदेशक राकेश कुमार व्यास ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया और राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। विद्यास्थली कॉन्वेंट स्कूल में प्रधानाध्यापक परमेश्वर सहारण ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया।
ओसवाल पंचायत भवन में ध्वजारोहण, अनुशासन का दिया संदेश
श्री ओसवाल पंचायत भवन में अध्यक्ष विनोद भादानी ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति का अनुशासित होना जरूरी है। देश की प्रगति में हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।








































