NEXT 15 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अम्बेडकर कॉलोनी के वार्ड नंबर एक में हीरालाल मेघवाल के घर के पीछे मोड़ पर कई महीनों से टूटी पड़ी नाली हादसों का कारण बनी हुई है। शनिवार रात इसी नाली के कारण एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर वार्डवासियों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामावतार सोनी पुत्र भैराराम सोनी निवासी कालूबास कालूरोड से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टूटी नाली के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। हादसे में रामावतार के सिर में गहरी चोट आई। जयकिशन और पूनमचन्द की सूचना पर आपणों गांव सेवा समिति की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
मोहल्लेवासियों ने बताया कि नाली कई महीनों से टूटी हुई है और यहां बड़ा गड्ढा बना हुआ है। रात के समय यह स्थान और भी खतरनाक हो जाता है। अब तक कई बाइक सवार यहां गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि नगरपालिका को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन नाली की मरम्मत नहीं करवाई गई।
भीम आर्मी के संदीप जयपाल और लालचंद गोयल ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन शायद किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि हादसे के बाद भी लापरवाही न बरती जाए और जल्द नाली की मरम्मत करवाकर मौके को सुरक्षित किया जाए।





















