NEXT 16 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय विधि महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. भगवान राम विश्नोई ने ध्वजारोहण करके कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कौशिक ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान, विधि के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. भगवान राम विश्नोई ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में महाविद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य डॉ. रेखा आचार्य एवं डॉ. रितु चौधरी ने किया। अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। अतिथियों का आभार प्रोफेसर कुमुद जैन ने व्यक्त किया।


























