NEXT 24 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने वार्डवार नामांकन प्रक्रिया के लिए अधिकारियों और नामांकन केंद्रों का निर्धारण किया है।
श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के वार्ड 1 से 20 तक के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट श्रीडूंगरगढ़ को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के अभ्यर्थियों के नामांकन उपखंड मजिस्ट्रेट कार्यालय में जमा होंगे। वहीं वार्ड 21 से 40 तक के लिए तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। इन वार्डों के नामांकन तहसील कार्यालय में संपादित किए जाएंगे।
27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्र जमा करने का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इस दौरान 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा।
चुनाव कार्यक्रम के तहत श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के 40 वार्डों के लिए चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है।



















