NEXT 18 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। युवाओं के नए आइडिया को मंच देने और नवाचार व उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) ने ‘राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026’ शुरू किया है। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘Innovate Rajasthan: Ideas for Viksit Bharat’ रखी गई है। प्रतियोगिता में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, युवा एवं स्थापित उद्यमी, महिला उद्यमी व ऑल-वुमन टीमें, ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के नवोन्मेषक तथा टेक्नोलॉजी, सोशल, गवर्नेंस और ग्रीन सॉल्यूशंस पर काम करने वाली टीमें भाग ले सकती हैं।
ब्लॉक प्रोग्रामर कृष्ण कुमार कड़वासरा ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद टॉप 30 टीमों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा तथा प्रत्येक ब्लॉक से 3 टीमों का चयन होगा। इसके बाद जिला स्तर पर चयनित टीमों में से टॉप 3 टीमों को राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले के लिए चुना जाएगा। जयपुर में होने वाले स्टेट ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों को एक्सपर्ट्स के सामने अपने आइडिया की पिचिंग, मेंटरशिप, अवॉर्ड सेरेमनी और नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।
ब्लॉक से राज्य स्तर तक मिलेगा पुरस्कार: ब्लॉक स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय 5 हजार और तृतीय 3 हजार रुपए है। जिला स्तर पर प्रथम 50 हजार, द्वितीय 25 हजार और तृतीय 15 हजार रुपए मिलेंगे। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 5 लाख, द्वितीय 2.50 लाख और तृतीय 1 लाख रुपए रखा गया है। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
30 सितंबर तक आवेदन: इच्छुक प्रतिभागी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन के लिए iStart Rajasthan के Startup Quest पेज पर जाएं। अधिक जानकारी के लिए 0141-5151500 पर संपर्क किया जा सकता है। पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ स्थित DoIT&C कार्यालय में भी जानकारी ली जा सकती है।



















