NEXT 26 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कॅरिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। निर्विकल्प फाउंडेशन की ओर से बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से हुए कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को भविष्य की बेहतर योजना बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। आत्मविश्वास, मेहनत और मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने वाली छात्राएं परिवार ही नहीं, समाज और राष्ट्र का भी नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा पढ़ाई के साथ अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
रुचि और क्षमता पहचानना जरूरी: नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल शिक्षा प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को समय रहते अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर कॅरिअर की सही दिशा तय करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कॅरिअर काउंसलिंग वैन का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक कॅरिअर से जुड़ी सटीक एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं से छात्रवृत्ति तक की जानकारी: कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, छात्रवृत्ति योजनाओं और उच्च शिक्षा संस्थानों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को ‘कॅरिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका भी वितरित की गई।
टीम ने आगामी जिला स्तरीय कॅरिअर गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। बीकानेर में होने वाले शैक्षणिक एवं कॅरिअर कार्यक्रमों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की छात्राओं की भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग एवं वाहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने का प्रयास करने की बात कही गई।
कार्यक्रम में कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन परियोजना की जानकारी दी। केशव आचार्य एवं मनन श्रीमाली ने सहयोग किया। विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र दाधीच ने सीओ निकेत पारीक सहित अतिथियों और कॅरिअर काउंसलिंग टीम का आभार व्यक्त किया।
























