NEXT 16 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों को निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को तहसील कार्यालय के सभागार में रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम झंवरलाल मित्तल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें चुनाव के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने और निर्वाचन प्रक्रिया में शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

एसडीएम मित्तल ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 3 अक्टूबर को पंचायतीराज चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को इसकी पूर्ण पालना सुनिश्चित करनी होगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
शांतिपूर्ण चुनाव करवाना सभी की जिम्मेदारी
तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए शुचिता बनाए रखें। वहीं, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विघ्न निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए राजनीतिक दलों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
बैठक में निर्वाचन प्रकोष्ठ से भव्य कटारिया, मोहम्मद आरिफ भाटी, जितेन्द्र भाटी, मनीष सैनी, नौरत मल शर्मा और विनोद शर्मा उपस्थित रहे।























