पंचायत समिति चुनाव: शुक्रवार को आखिरी दिन 32 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए 33 फॉर्म, 26 अक्टूबर को नाम वापसी
NEXT 23 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायती राज आम चुनाव के तृतीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 94 अभ्यर्थियों ने 96 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अंतिम दिन 32 अभ्यर्थियों ने 33 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। अब शनिवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जिसके बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, लूणकरणसर पंचायत समिति में कुल 116 अभ्यर्थियों ने 123 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं, रीड़ी पंचायत समिति में 81 अभ्यर्थियों ने 82 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। तीनों पंचायत समितियों में शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई।
शनिवार सुबह 11 बजे से संवीक्षा
प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा शनिवार सुबह 11 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थी सोमवार, 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।



















