हजारों श्रद्धालुओं ने धड़ देवली धाम में लगाई धोक, किसी ने गठजोड़े की फेरी तो किसी ने दंडवत कर मांगी मन्नत (खबर सहयोगी: गौरीशंकर तावनियाँ, सातलेरा)
NEXT 24 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गौ रक्षक लोक देवता वीर बिग्गाजी महाराज के शौर्यपीठ धड़ देवली धाम में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक मेले में शुक्रवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। आसोज शुक्ल पक्ष की द्वादशी एवं त्रयोदशी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे और दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सातलेरा व बिग्गा गांव से मंदिर तक करीब दो किलोमीटर का रास्ता भक्तों से अटा रहा। वीर बिग्गाजी महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

मेले में सैकड़ों पैदल यात्री संघ डीजे की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने वीर बिग्गाजी महाराज और पीथल माता मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर धोक लगाई। हवन कुंड में घी व खोपरे की आहुतियां दीं। कई श्रद्धालुओं ने गठजोड़े की फेरी लगाकर सुखी जीवन की कामना की, तो कई भक्त दंडवत और पेट पलानिया करते हुए धाम पहुंचे। मंदिर के पुजारी ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
रातभर गूंजे भजन, सुबह 4 बजे हुई आरती
मेले के अवसर पर शुक्रवार रात विशाल संगीतमय जागरण हुआ। अर्चना देवी एंड पार्टी ने वीर बिग्गाजी महाराज के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। जागरण में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। शनिवार सुबह 4 बजे महाराज की आरती के साथ जागरण संपन्न हुआ।
दुकानों पर खरीदारी, भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया
मेले में प्रसाद, खिलौने, मनिहारी, चाय-नाश्ते, फल-फ्रूट और कृषि औजारों की अस्थाई दुकानें लगी हैं। श्रद्धालु दर्शन के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान की ओर से निःशुल्क भंडारे की व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मंदिर परिसर के सभी कमरे खोल दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात, सीसीटीवी से निगरानी
मेले में भीड़ को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के जवान जगह-जगह तैनात हैं। वीर बिग्गाजी सेवा दल के कार्यकर्ता भी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान की ओर से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला परिसर पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी वाहन भी तैनात किया गया है।
आज शाम होगा समापन: दो दिवसीय वार्षिक मेले का समापन शनिवार शाम को होगा। मेले में लगातार श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।





















