श्रीडूंगरगढ़-रीड़ी क्षेत्र के कई गांवों में स्वीप अभियान, नवमतदाताओं को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई
NEXT 23 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायती राज चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान के लिए शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ और रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यालयों में वोट मैराथन और जागरूकता रैलियों के जरिए विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया। हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर बच्चों ने नारे लगाए और लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया।

मोमासर के ईचरज देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में निर्वाचन आयोग और उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के निर्देशानुसार ब्लॉक स्तरीय स्वीप कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने गांव में वोट मैराथन निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में सीबीईओ कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ से एसीबीईओ सुरेंद्र कुमार शर्मा और आरपी पवन कुमार प्रजापत शामिल हुए। मैराथन का नेतृत्व अध्यापक जगदीश प्रसाद ने किया।
प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद ने 18 से 19 वर्ष के नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई। ईएलसी प्रभारी ज्वाला प्रसाद ने पंचायती राज चुनाव-2026 के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में अध्यापक महेंद्र सिंह, शारीरिक शिक्षक संतोष शेखावत और महावीर सिंह सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इन गांवों में भी निकाली रैलियां
श्रीडूंगरगढ़ और रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के गुसाईंसर बड़ा, रीड़ी, सातलेरा, केऊ, बेनीसर, पुंदलसर, बिग्गा बास, रामसरा, बींझासर, भोजास, धीरदेसर पुरोहितान, बरजांगसर, धर्मास और कितासर भाटियान सहित अनेक गांवों के विद्यालयों में भी वोट मैराथन और मतदाता जागरूकता रैलियां निकाली गईं। विद्यार्थियों ने स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ ग्रामीणों को आगामी पंचायत चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया।


























