विधायक सारस्वत बोले- श्रीडूंगरगढ़ हमारा है, विकास की जिम्मेदारी भी हमारी, पुगलिया को दिया धन्यवाद
NEXT 24 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीमद् आचार्यश्री तुलसी महाप्रज्ञ साधना संस्थान (तेरापंथ भवन, धोलिया नोहरा) में शनिवार सुबह तीसरे और चौथे तल का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। संस्थान अध्यक्ष राजस्थान गौरव भीखमचन्द पुगलिया ने विधायक ताराचन्द सारस्वत, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री रामगोपाल सुथार, नगरपालिका अध्यक्ष नारायण कलाणी, उपाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं और सभाध्यक्ष सुशीला पुगलिया की मौजूदगी में उद्घाटन किया। दोनों तलों पर सभी सुविधाओं से युक्त 38 नए कमरों का निर्माण करवाया गया है। अब तेरापंथ भवन धोलिया नोहरा सुविधायुक्त 70 कक्षों व 3 हॉल युक्त हो गया है

महिला मंडल ने किया मंगलाचरण; अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत तेरापंथ महिला मंडल के मंगलाचरण से हुई। मंचस्थ अतिथियों का दुपट्टा और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। संस्थान मंत्री मालचंद सिंघी ने निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले भामाशाहों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि तीसरे और चौथे तल पर 38 नए कमरों का निर्माण सभी सुविधाओं के साथ करवाया गया है। कार्यक्रम में विस्तार कार्य में सहयोग करने वाले भामाशाहों का संस्थान की ओर से सम्मान किया गया।
‘विकास का पक्षधर बनना हम सभी की जिम्मेदारी’
विधायक ताराचन्द सारस्वत ने संस्थान अध्यक्ष सहित सभी भामाशाहों का भवन के विकास और विस्तार में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को विकास का पक्षधर बनना है। श्रीडूंगरगढ़ हमारा है और इसके विकास की जिम्मेदारी भी हमारी है। यहां के भामाशाह बड़े हृदय वाले हैं और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
राज्यमंत्री रामगोपाल सुथार ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ का जैन समाज लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। समाज कस्बे में सर्वहित के कार्य कर रहा है।
पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी ने कहा कि आज श्रीडूंगरगढ़ के परिवार से मिलना हुआ है। प्रवासियों की ओर उन्मुख होते हुए कहा कि आपको श्रीडूंगरगढ़ की ओर से कोई शिकायत नहीं आने देंगे। आप बस आशीर्वाद में कमी मत रखना।
संस्थान के अध्यक्ष भीखमचन्द पुगलिया ने भवन के विकास क्रम के बारे में बताते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में नारी रत्न शान्ता पुगलिया, भामाशाह जतन पारख, सभाध्यक्ष सुशीला पुगलिया, अमरचंद पुगलिया ने अपने विचार व्यक्त किये।
ये रहे मौजूद
समारोह में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, अणुव्रत समिति, तेरापंथ युवक परिषद और तेरापंथ महिला मंडल, किशोर मण्डल, कन्या मण्डल सहित संस्थान उपाध्यक्ष हेमराज पुगलिया, कोषाध्यक्ष कमल पुगलिया, भामाशाह जतन पारख, भीखमचन्द पुगलिया जयपुर, सभा उपाध्यक्ष तुलसीराम चौरड़िया, रतनलाल पुगलिया, शांतिलाल पुगलिया, निर्मल पुगलिया, पांचीलाल सिंघी, कांति कुमार पुगलिया, हनुमान श्यामसुखा, बिमल पुगलिया, बार संघ अध्यक्ष ललित कुमार मारू, एडवोकेट रणवीर सिंह खीची, सामाजिक कार्यकर्ता तोलाराम मारू, विजयराज सेठिया, ओमप्रकाश गांधी, रामदेव बोहरा, पार्षद पवन कुमार उपाध्याय, अशोक कुमार सोनी, साहित्यकार चेतन स्वामी और टीएसएस प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी, कमल कुमार सिंघी, कमल बोथरा, विनोद भादानी, सुरेंद्र दुगड़, सत्यनारायण स्वामी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन के.एल. जैन ने किया।


































