NEXT 7 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचे और आर्थिक अभाव के चलते कोई परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित नहीं रहे, इसी उद्देश्य से नर नारायण सेवा संस्थान ने सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। संस्थान की ओर से दीपावली के अवसर पर गोद लिए गए 41 जरूरतमंद परिवारों को मिठाई, भुजिया, पूजा सामग्री और दीपक वितरित किए जा रहे हैं।

संस्थान के संस्थापक धनराज जस्सू (रोड़ा वाले) ने बताया कि संस्थान की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी दीपावली पर जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। संस्थान के सहयोगकर्ताओं के आर्थिक सहयोग और सेवादारों के अथक प्रयासों से यह सेवा कार्य अध्यक्ष सुषमा श्याम करनानी एवं आनंद जोशी की देखरेख में किया जा रहा है।
श्रीडूंगरगढ़ से बाड़मेर-अलवर तक पहुंच रही सेवा
संस्थान ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के आसपास के गांवों के साथ बीकानेर, बाड़मेर और अलवर जिले के जरूरतमंद परिवारों को भी गोद ले रखा है। इन सभी परिवारों को प्रत्येक माह नियमित रूप से राशन सामग्री पहुंचाई जाती है। दीपावली पर विशेष सामग्री देकर उनके त्योहार को खुशहाल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।






































