सात दिन तक बहेगी भक्ति की रसधार, संतों के सान्निध्य में होगा कथा वाचन; पहले दिन निकलेगी भव्य शोभायात्रा
NEXT 7 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास स्थित नेहरू पार्क में 10 से 16 नवंबर तक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन होगा। श्री कृष्ण सत्संग समिति, श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में दण्डी स्वामी रामानन्द तीर्थ महाराज का पावन सान्निध्य रहेगा। वहीं कथा व्यास के रूप में डॉ. स्वामी वागीश स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजन के तहत प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक कथा का वाचन होगा। कथा के शुभारंभ अवसर पर 10 नवंबर को सुबह 10 बजे पाराशर मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल नेहरू पार्क पहुंचेगी। शोभायात्रा के साथ ही सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का विधिवत शुभारंभ होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और धर्म के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।





































