हाईवे पर पिकअप से गिर गई थीं मूंगफली की तीन बोरियां, खबर पढ़कर मालिक ने किया संपर्क
NEXT 7 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। हाईवे पर चलती पिकअप से गिरी मूंगफली की तीन बोरियों के मालिक की तलाश आखिरकार पूरी हो गई। नेक्स्ट न्यूज पर खबर प्रकाशित होने के कुछ ही समय बाद मूंगफली का मालिक सामने आ गया। अपनी बोरियां सुरक्षित वापस मिलने पर बिग्गा निवासी अशोक सेवग ने मामराज, गौरीशंकर तावनियाँ और नेक्स्ट न्यूज का आभार जताया।
अशोक सेवग ने बताया कि पिकअप में मूंगफली भरकर श्रीडूंगरगढ़ से बिग्गा स्थित फैक्ट्री ले जाई जा रही थी। इसी दौरान सातलेरा गांव के बस स्टैंड के पास चलती पिकअप से मूंगफली की तीन बोरियां नीचे गिर गईं। रात का समय होने के कारण चालक को इसका पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिलने पर चालक वापस भी लौटा और बोरियों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिलीं।
खबर पढ़ते ही दुकानदार से किया संपर्क
इसी बीच नेक्स्ट न्यूज ने ‘हाइवे पर चलती पिकअप से गिरी मूंगफली की तीन बोरियां, मालिक की तलाश’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर पढ़ने के बाद अशोक सेवग ने दुकानदार गौरीशंकर तावणियां से संपर्क किया। तावणियां ने मूंगफली के मालिक की पहचान की पुष्टि की, जिसके बाद तीनों बोरियां अशोक सेवग को सुपुर्द कर दी गईं।
खबर के साथ आमजन की मदद में भी आगे है नेक्स्ट
अपनी मूंगफली सही-सलामत वापस मिलने पर अशोक सेवग ने नेक्स्ट न्यूज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेक्स्ट न्यूज खबरों के प्रकाशन के साथ-साथ आमजन की मदद करने में भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है। एक खबर के माध्यम से उनका खोया हुआ सामान वापस मिल सका।





































