सातलेरा में रास्ते में मिला था कीमती फोन, मालिक को वापस सौंपा तो ग्रामीणों ने थपथपाई पीठ
NEXT 10 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। आज के दौर में जहां कई बार छोटी-सी लालच के आगे इंसान अपना ईमान खो बैठता है, वहीं सातलेरा गांव के नंदकिशोर तावनियां ने करीब 60 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। उनकी इस नेक पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए पीठ थपथपाई।

गांव के सामाजिक कार्यकर्ता गौरीशंकर तावनियां ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव का चेतनराम शर्मा अपनी गाय लेकर खेत जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका मोबाइल फोन गिर गया। कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे नंदकिशोर तावनियां को मोबाइल पड़ा मिला। उन्होंने मोबाइल मिलने की सूचना तत्काल गौरीशंकर तावनियां को दी।
इधर, मोबाइल गुम होने से चेतनराम काफी परेशान था और लगातार उसकी तलाश कर रहा था। गौरीशंकर ने अज्ञात मोबाइल मिलने की सूचना साझा की। सूचना मिलते ही मोबाइल मालिक चेतनराम भागता हुआ पहुंचा और फोन को अपना बताया। नंदकिशोर ने पूरी तसल्ली करने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में मोबाइल उसे सौंप दिया।
चेतनराम ने बताया कि उसने कुछ समय पहले ही 60 हजार रुपए में मोबाइल खरीदा था। फोन गुम होने से वह काफी परेशान हो गया था। मोबाइल वापस मिलने पर उसने नंदकिशोर का आभार जताया। वहीं ग्रामीणों ने भी उनकी ईमानदारी की सराहना की।




















