कालूबास में भादानी परिवार के घर वारदात, पहले भी जैन परिवारों के कई बंद मकानों में हो चुकी हैं ऐसी चोरियां; पुलिस में नहीं दी गई थी शिकायत
NEXT 24 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास में बंद पड़े मकान चोरों के निशाने पर हैं। मंगलवार को भादानी परिवार के एक बंद मकान में चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने मकान के सभी कमरों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे सामान को खंगालते हुए पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार कालूबास में चेतन माली के कुएं के पास स्थित यह मकान बाबूलाल भादानी का है, जो वर्तमान में माथाभांगा (पश्चिम बंगाल) में रहते हैं। अशोक झाबक ने बताया कि मकान की देखरेख हेमराज झाबक कर रहे थे। करीब दो सप्ताह पहले ही किरायेदारों ने मकान खाली किया था। मंगलवार को हेमराज झाबक जब मकान संभालने पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटो व वीडियो के जरिए साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक के आने के बाद ही चोरी और नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।
बंद मकान चोरों के निशाने पर
कालूबास में बंद पड़े मकानों में चोरी की यह अकेली घटना नहीं है। इससे पहले भी जैन परिवारों के कई बंद मकानों में इसी तरह की चोरियां होने की बात सामने आई है। हालांकि, उन मामलों में संबंधित परिवारों की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी। ऐसे में बंद पड़े मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।




















