मोमासर में झटका मशीन के तार ट्रांसफार्मर से सीधे जोड़ने का आरोप, सेशन कोर्ट ने घटना की गंभीरता और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को माना अहम आधार
NEXT 21 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मोमासर गांव में खेत में करंट की चपेट में आने से महिला की मौत के मामले में आरोपी को न्यायालय से राहत नहीं मिली। अपर सेशन न्यायाधीश श्रीडूंगरगढ़ राजपाल सिंह ने आरोपी लूणाराम पुत्र भैराराम की जमानत याचिका खारिज कर दी। न्यायालय ने आदेश में मामले की गंभीरता, अनुसंधान में सामने आए तथ्यों और आरोपी के पूर्व आपराधिक प्रकरणों को ध्यान में रखा।
मामला 22 जुलाई 2026 का है। परिवादी ताराचंद के अनुसार, उसकी पत्नी सिलूदेवी सुबह करीब 6:30 बजे खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान झटका मशीन के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि खेत में आवारा पशुओं को रोकने के लिए लगाई गई झटका मशीन के तार को आरोपी लूणाराम ने सीधे ट्रांसफार्मर से जोड़ रखा था। परिवार के सदस्यों ने पहले भी उसे ऐसा करने से मना किया था।
15 दिन पहले गाय की भी हुई थी मौत
परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना से करीब 15 दिन पहले भी इसी प्रकार करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई थी। घटना के दिन महिला के करंट की चपेट में आने पर परिजनों ने शोर मचाकर आरोपी को तार हटाने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी के बेटे ने ट्रांसफार्मर से तार हटाया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
अभियोजन ने बताया गंभीर मामला
आरोपी की ओर से अधिवक्ता ने जमानत की पैरवी करते हुए कहा कि उसे झूठा फंसाया गया है और उससे कोई बरामदगी नहीं हुई है। वहीं, राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक सोहननाथ सिद्ध ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला दिया।
11 पुराने प्रकरणों का आदेश में उल्लेख
अपर लोक अभियोजक सोहन नाथ सिद्ध ने कोर्ट को बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 1979 से वर्ष 2026 तक दर्ज 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इनमें 5 मामलों में सजा और 1 अनुसंधानाधीन है, वहीं पुलिस ने आरोपी को 10 मामलों में आरोपी मानकर चालान ही पेश किया है। न्यायालय ने यह भी माना कि अनुसंधान में आरोपी के कब्जे से करंट प्रवाहित करने वाली झटका मशीन की बरामदगी दर्शाई गई है।
पहले मजिस्ट्रेट कोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत
आरोपी की जमानत याचिका 19 नवंबर को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय श्रीडूंगरगढ़ से खारिज हो चुकी थी। इसके बाद अपर सेशन न्यायालय में जमानत याचिका पेश की गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने जमानत देने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी।



















