NEXT 20 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नवसृजित ग्राम पंचायत सातलेरा के नवनिर्वाचित सरपंच मालाराम तावनियां ने आज शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में पदभार ग्रहण किया। पंडित सत्यनारायण तावनियां के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच के साथ वार्ड पंचों ने भी विधिवत कार्यभार संभाला। इस दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का उत्साह के साथ स्वागत किया।

लंबे समय से पेयजल संकट, अब स्थायी समाधान की उम्मीद
गौरीशंकर तावनियाँ ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरपंच मालाराम तावनियां ने कहा कि सातलेरा और अभयसिंहपुरा दोनों गांवों में पेयजल व्यवस्था लंबे समय से बिगड़ी हुई है। ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करवाने के लिए जल्द प्रयास शुरू किए जाएंगे।
तावनियां ने बताया कि सातलेरा गांव के ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट से परेशान हैं। इसके अलावा दोनों गांवों में साफ-सफाई, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
ग्रामीणों ने साफा पहनाकर किया स्वागत
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी पिंकू प्रजापत, पटवारी कविता जांगिड़ और निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि भीखराज जाखड़ सहित दोनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सरपंच मालाराम तावनियां और वार्ड पंचों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।























