NEXT 14 मई, 2025। राजधानी जयपुर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। नेपाली मूल के पति-पत्नी ने कांग्रेस नेता संदीप चौधरी के घर में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार की बुजुर्ग महिला और बहू की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, संदीप चौधरी पूर्व में बंजर भूमि विकास बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके परिवार ने 10 दिन पहले ही नेपाल के रहने वाले एक दंपती को खाना बनाने के लिए रखा था। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे इस दंपती ने अपने दो साथियों को मकान पर बुलाया। इसके बाद परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिला कर बेहोश किया गया और घर में लूट की गई।
घटना के बाद मकान की बुजुर्ग महिला कृष्णा (75) और बहू ममता (43) को बेहोशी की हालत में मेट्रो मास हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। जयपुर शहर में चारों ओर नाकाबंदी करवा दी गई है। पुलिस आरोपी नेपाली दंपती और उनके दो साथियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस की अपील: घरेलू नौकर रखने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।