उदयपुर में ‘विशिष्टजन सम्मान’ से होंगे सम्मानित, राष्ट्र निर्माण पर होगी व्याख्यान माला
NEXT 21 जून, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्र निर्माण में समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से उदयपुर में आयोजित होने जा रहे ‘विशिष्टजन सम्मान समारोह’ में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत को भी सम्मानित किया जाएगा।
मण्डल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी ने बताया कि यह कार्यक्रम सुन्दरसिंह भण्डारी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 22 जून (रविवार) को सुखाड़िया रंगमंच, टाउन हॉल, उदयपुर में आयोजित किया जाएगा। विधायक सारस्वत का चयन राजस्थान के 18 विशिष्ट कार्यकर्ताओं में किया गया है, जिन्हें मंच पर ‘विशिष्टजन सम्मान’ से नवाजा जाएगा।
राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन, गुलाबचंद कटारिया होंगे मुख्य अतिथि
समारोह में “राष्ट्र निर्माण में स्व. सुन्दरसिंह भण्डारी एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान” विषय पर व्याख्यान माला का आयोजन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया होंगे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक नन्दलाल बाबाजी रहेंगे, जबकि राजस्थान सरकार में केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी विशिष्ट अतिथि होंगे।
क्षेत्र में खुशी की लहर, कार्यकर्ताओं ने बताया गौरव का क्षण
श्रीडूंगरगढ़ विधायक को राज्य स्तरीय सम्मान मिलने की खबर से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, महेन्द्र सिंह तंवर, गिरधारीलाल गोदारा, नरेश मोट सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने इसे गर्व का विषय बताते हुए विधायक को बधाई दी है।
कार्यक्रम में देश के समर्पित जनसंघ व भाजपा कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सम्मानित, विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास होगा।