मोहिनी देवी सुराणा की बैकुंठी यात्रा में भक्ति गीतों का संगान; विमल सेठिया की बैकुंठी शनिवार सुबह 9 बजे निकलेगी
NEXT 27 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। जैन धर्म में संथारा आत्मकल्याण और आध्यात्मिक साधना का महत्त्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। श्रीडूंगरगढ़ में शुक्रवार को एक ही दिन दो संथारासाधकों का समाधिमरण हुआ। मोहिनी देवी सुराणा और विमल सेठिया ने संथारा साधना के दौरान देह त्याग किया। दोनों के समाधिमरण से जैन समाज में आध्यात्मिक वातावरण के साथ शोक की लहर छा गई।

मोहिनी देवी ने 95 घंटे की संथारा साधना की
श्रीडूंगरगढ़ निवासी मोहिनी देवी सुराणा धर्मपत्नी स्वर्गीय अनोपचंद सुराणा ने 95 घंटे की संथारा साधना के बाद आज सुबह शुक्रवार को सुबह 9 बजे समाधिमरण प्राप्त किया।
सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया ने बताया कि मोहिनी देवी को 24 नवंबर मंगलवार को सुबह 10 बजे सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा ने तिविहार संथारा का प्रत्याख्यान करवाया था। इसके बाद उन्होंने निरंतर संथारा साधना की।
मोहिनी देवी की बैकुंठी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों का संगान किया। धार्मिक भावनाओं के साथ समाज के लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
विमल सेठिया का 28 घंटे 30 मिनट का संथारा
श्रीडूंगरगढ़ निवासी विमल सेठिया सुपुत्र कन्हैयालाल सेठिया ने 28 घंटे 30 मिनट की संथारा साधना के बाद आज शुक्रवार को दोपहर 2 बजे समाधिमरण प्राप्त किया।
विमल सेठिया को 26 नवंबर गुरुवार को सुबह 9:30 बजे सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा ने तिविहार संथारा का प्रत्याख्यान करवाया था। संथारा साधना के दौरान उन्होंने आध्यात्मिक भावों के साथ अंतिम समय व्यतीत किया।
विमल सेठिया की बैकुंठी यात्रा कल शनिवार 28 नवंबर को सुबह 9 बजे निकलेगी।
जैन समाज में आध्यात्मिक भावनाओं का माहौल
एक ही दिन दो संथाराधारकों के समाधिमरण से श्रीडूंगरगढ़ के जैन समाज में गहरी आध्यात्मिक भावनाएं देखने को मिलीं। संथारा साधना को जैन परंपरा में आत्मसंयम, त्याग और आध्यात्मिक आराधना से जुड़ा महत्वपूर्ण अनुष्ठान माना जाता है। समाज के लोगों ने दोनों संथाराधारकों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनकी आत्मिक शांति के लिए मंगलकामना की।





















