NEXT 5 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत श्रीडूंगरगढ़ सहित जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के लिए शनिवार को ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों और सभी रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी हुई।

द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान मतदान केन्द्रों के लिए 689 बैलेट यूनिट (बीयू) और 682 कंट्रोल यूनिट (सीयू) आवंटित की गईं। वहीं 137 बैलेट यूनिट और 144 कंट्रोल यूनिट आरक्षित रखी गई हैं। रेंडमाइजेशन के बाद नगरीय निकायवार ईवीएम संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को कमीशनिंग के लिए सुपुर्द कर दी गईं।
बीकानेर नगर निगम के साथ नापासर, खाजूवाला, लूणकरणसर, नोखा, देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिकाओं के लिए यह प्रक्रिया की गई। नापासर के वार्ड 20 और 24 तथा बीकानेर नगर निगम के वार्ड 69 में निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण इन वार्डों के मतदान केन्द्रों को द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान हटा दिया गया।
नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 2 में प्रत्याशियों की संख्या 15 होने के कारण इस वार्ड के सभी मतदान केन्द्रों पर दो-दो बैलेट यूनिट आवंटित की गई हैं।
27 अगस्त को हुआ था पहला रेंडमाइजेशन
उल्लेखनीय है कि ईवीएम का पहला रेंडमाइजेशन 27 अगस्त को किया गया था। उस दौरान प्रत्येक नगरीय निकाय के मतदान केन्द्रों की संख्या से 20 प्रतिशत अधिक यानी कुल 120 प्रतिशत बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट आवंटित की गई थीं।
शनिवार को द्वितीय रेंडमाइजेशन के बाद मशीनों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को सौंप दिया गया, जहां अब आगामी मतदान के लिए ईवीएम की कमीशनिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दौरान भाजपा से चम्पालाल गेदर और दुर्गेश राजपुरोहित, कांग्रेस से प्रहलाद सिंह मार्शल, कम्यूनिस्ट पार्टी से बजरंग छींपा तथा आरएलपी से दानाराम और हनुमान मौजूद रहे। वहीं बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) रीना सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


















