NEXT 27 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका क्षेत्र में आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 25 अगस्त से 7 सितंबर तक स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीकानेर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (नपा चुनाव-2026) व उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के आदेशानुसार शुरू हुए अभियान के लिए नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी अभिषेक गहलोत को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान के तहत 25 अगस्त को बीएलओ ने वरिष्ठ मतदाताओं से संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व की जानकारी दी। वहीं 26 अगस्त को नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘मतदान की मेहंदी’ और महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार स्वीप अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान के लिए प्रेरित हो सकें।






































