NEXT 26 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगर पालिका चुनाव का इंतजार कर रहे पार्षद पद के दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए प्रत्याशी 27 से 31 अगस्त तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा।
श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड के हिसाब से अलग-अलग जगह जमा होंगे नामांकन
नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में नामांकन के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वार्ड 1 से 20 तक के प्रत्याशी उपखंड मजिस्ट्रेट कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि वार्ड 21 से 40 तक के प्रत्याशियों के लिए तहसील कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की व्यवस्था रहेगी।
ऐसे में पार्षद पद के दावेदारों के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले अपने वार्ड के अनुसार निर्धारित केंद्र की जानकारी रखना जरूरी होगा।
1 सितंबर को जांच, 3 को नाम वापसी और 4 को चुनाव चिन्ह
नाम निर्देशन पत्र जमा होने के बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। प्रत्याशी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। इसी के साथ श्रीडूंगरगढ़ में चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो जाएगी।
11 सितंबर को होगा श्रीडूंगरगढ़ में मतदान
बीकानेर जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। बीकानेर नगर निगम में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि श्रीडूंगरगढ़ सहित नोखा, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगरपालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
अब टिकट के बाद नामांकन पर नजर
नामांकन की तारीख सामने आते ही श्रीडूंगरगढ़ में चुनावी हलचल और बढ़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट की दावेदारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों के साथ ही निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार भी अब नामांकन की तैयारी में जुटेंगे। 27 अगस्त से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के साथ ही कौन मैदान में है और कौन पीछे हटता है, इसकी तस्वीर सामने आने लगेगी।



















