NEXT 25 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पेडीवाल भवन, बिग्गा बास में आयोजित निकाय कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया और भारत माता व जय भाजपा के नारों से माहौल गूंज उठा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चुनाव संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर सभी वार्डों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ें। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य लेकर जुटने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक सक्रियता पर जोर
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच लगातार संपर्क रखने और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प दिलाया गया।
विधायक बोले- कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ और संगठन की नींव का पत्थर बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता से ही भाजपा को निकाय चुनाव में सफलता मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में जिला चुनाव प्रभारी आत्माराम तर्ड, निकाय चुनाव प्रभारी धर्मवीर पुजारी, राजस्थान कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, नगरपालिका संयोजक लीलाधर बोथरा, पूर्व चेयरमैन रामेश्वरलाल पारीक, पूर्व प्रधान छैलू सिंह शेखावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष महावीर प्रजापत, जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, पूर्व चेयरमैन मानमल शर्मा, विनोद गिरी गुसाईं, विस्तारक मुकेश दाधीच और शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























