NEXT 16 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ द्वारा कल 17 सितंबर को मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD-2025) का आयोजन किया जाएगा। परिषद् के पदाधिकारियों ने बताया कि यह शिविर तेरापंथ भवन (ऊपरलो) में सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
यह आयोजन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् (अभातेयुप) के 61वें स्थापना दिवस पर देश-विदेश में एक साथ होने जा रहा है। “रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0” नाम से आयोजित इस अभियान में भारत सरकार के साथ मिलकर 75 देशों में 7500 से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी चमन श्रीमाल ने बताया कि इस अभियान से भारत सरकार के चार मंत्रालय- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रेल मंत्रालय, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के साथ-साथ रेलवे पुलिस फोर्स और एनएसएस भी जुड़े हुए हैं।
तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि रक्तदान महाअभियान है और एक-एक यूनिट रक्त से अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी।
संयोजक ईश्वर चौरड़िया ने नगरवासियों से अपील की कि मानवता के इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर शिविर को सफल बनाएं।
सह संयोजक रजत सिंघी, दीपक छाजेड़ और चमन श्रीमाल ने बताया कि तेयुप श्रीडूंगरगढ़, तोलियासर और मोमासर में रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है।
मोमासर में यह शिविर तेयुप मोमासर के सहयोग से होगा। मनीष पटावरी ने बताया कि युवाओं में रक्तदान को लेकर काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में भागीदारी की संभावना है।




















