NEXT 23 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। शासन सचिवालय जयपुर के निर्देश पर मंगलवार को जिला परिषद सभागार में सामाजिक लेखा परीक्षा (SSAAT) की ओर से एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत निर्णय ऐप के माध्यम से ग्राम सभाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस मौके पर जिला परिषद पीओ, मनरेगा लोकपाल संजिदा बानो और जिला संसाधन व्यक्ति नंदलाल शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

ऐप से होगी ग्राम सभा की कार्यवाही दर्ज
प्रशिक्षण में SSAAT राजस्थान की टीम ने पंचायत निर्णय ऐप लागू करने की नई प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला संसाधन व्यक्ति नंदलाल शर्मा ने तकनीकी जानकारी और ऐप के उपयोग का प्रदर्शन किया।

प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव
- बाबूलाल गर्ग (BRP, श्रीडूंगरगढ़) ने ऐप पर आईडी मैपिंग का ट्रायल प्रस्तुत किया और बताया कि ग्राम सभा के निर्णय अब सीधे आमजन तक पहुंचेंगे।
- सोहनलाल (BRP, नोखा) ने कहा कि ऐप से सामाजिक उत्तरदायित्व बढ़ेगा और ग्रामीण समाज की भागीदारी मजबूत होगी।
- किशनाराम भादू (BRP, लूणकरणसर) ने इसे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने वाला कदम बताते हुए ग्रामीण समुदाय को सशक्त बनाने का माध्यम कहा।
समापन पर निर्देश
SSAAT और जिला परिषद बीकानेर की ओर से निर्देश दिए गए कि सभी ब्लॉक और पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण की सूचना समय पर पहुंचाई जाए और अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
यह पहल ग्राम सभाओं में पारित प्रस्तावों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।





















