₹3.60 करोड़ से बनेगी बिग्गाबास रामसरा से रुस्तम धोरा तक सड़क
NEXT 28 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। रुस्तमजी महाराज की तपोभूमि पर आयोजित भव्य विशाल मेला 2025 में रविवार को श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी। मेले में पहुंचे विधायक ताराचंद सारस्वत ने तपोभूमि के दिव्य दर्शन कर क्षेत्र के सभी भक्तों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

मेले के मंच से विधायक सारस्वत ने पिछले वर्ष की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए बिग्गाबास रामसरा से रुस्तम धोरा (वाया कितासर, वाया शीतलनगर) तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क पर ₹3.60 करोड़ की लागत आएगी।
विधायक सारस्वत ने कहा कि यह सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी और राजस्थान सरकार का आभार जताया।
विधायक सारस्वत ने कहा कि “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, नाली, बिजली, पानी सहित जनकल्याण के कार्य तेजी से हो रहे हैं। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी आने वाले समय में अनेक विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।”
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




















