स्वच्छता अभियान से हुआ आगाज, नशा मुक्ति रैली से गूंजे बस्तियां
NEXT 29 सितम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम और द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय एकदिवसीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर की शुरुआत “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के तहत कॉलेज परिसर में सफाई अभियान से हुई।
स्वच्छता में दिखा जोश, प्राचार्य ने दी प्रेरणा
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमारी और डॉ. हिमांशु कांडपाल के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने पूरे परिसर में सफाई की।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नवदीप सिंह बैंस ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल महाविद्यालय तक सीमित नहीं होनी चाहिए, हमें अपने गली-मोहल्ले को भी स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।”
माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और क्विज में भागीदारी
शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। साथ ही विकसित भारत यंग लीडर्स क्विज (VBYLD) में भी भाग लिया गया। सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक क्विज में हिस्सा लिया और प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए।
नशा मुक्ति की शपथ और रैली
दूसरे सत्र में प्राचार्य डॉ. बैंस ने स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद नशा मुक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली बड़ा रानीसार बास और प्रताप बस्ती से होती हुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंची।
स्वयंसेवकों ने प्रेरक नारों और बैनरों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
डॉ. जिब्रान ने बताया नशे के दुष्परिणाम
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंबर 4 के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मो. जिब्रान ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “लंबे समय तक नशा करने से शरीर की आंतरिक संरचना पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इससे कई घातक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।”
उन्होंने महिला स्वास्थ्य पर भी जोर दिया और कहा कि महिला का स्वास्थ्य पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। महिलाओं को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देना चाहिए।
हीमोग्लोबिन जांच शिविर भी हुआ
स्वयंसेवकों के लिए हीमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें नर्सिंग स्टाफ ने जांच की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल ने डॉ. जिब्रान का आभार व्यक्त किया।
अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. हेमेंद्र अरोड़ा (जिला समन्वयक, NSS), डॉ. रविंद्र शर्मा (प्रभारी, नई किरण नशा मुक्ति केंद्र), डॉ. एच.एम. देवड़ा, धर्मवीर कटेवा, तनुजा कंवर सहित सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




















