बीकानेर जिले में 445 और श्रीडूंगरगढ़ में 81शतायु मतदाता सम्मानित
NEXT 2 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुधवार को जिलेभर में लोकतंत्र के बुजुर्ग प्रहरी बने शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर बीकानेर जिले में 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं के घर जाकर उन्हें माला पहनाई गई और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से भेजा गया शुभकामना संदेश पत्र सौंपा गया।

जिले में कुल 445 शतायु मतदाता हैं। सभी को उनके अमूल्य योगदान के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
इनमें
- खाजूवाला: 85
- बीकानेर पश्चिम: 8
- बीकानेर पूर्व: 11
- कोलायत: 82
- लूणकरणसर: 58
- श्रीडूंगरगढ़: 81
- नोखा: 120
शामिल हैं।
श्रीडूंगरगढ़ में हुआ विशेष सम्मान कार्यक्रम
निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार श्रीडूंगरगढ़ उपखंड में विशेष आयोजन हुआ। उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी शुभम शर्मा और नायब तहसीलदार रमेश सिंह चौहान की मौजूदगी में निर्वाचन टीम ने शहरी क्षेत्र के शतायु मतदाताओं के घर जाकर उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किया और माला पहनाकर सम्मानित किया।

टीम में लीलाराम मीणा (अध्यापक), बीएलओ नूजल इस्लाम काजी, गोपाल राम, मुकेश कुमार, जितेंद्र भोजक शामिल रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्र के शतायु मतदाताओं का सम्मान किया।
एसडीएम शुभम शर्मा ने कहा कि “इन शतायु मतदाताओं ने उम्र के इस पड़ाव पर भी लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था कायम रखी है। यह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।”




















