बंगाली समाज द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बुधवार को हुआ भंडारा, होगा सिंदूर पूजन व विसर्जन
NEXT 2 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। बंगाली समाज की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को अष्टमी पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। माता की आरती के दौरान पूरा पांडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय बन गया।

आरती के बाद पारंपरिक बंगाली दुर्गा नृत्य हुआ, जिसमें बंगाली समाज की महिलाओं के साथ स्थानीय महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद सजीव झांकियों के माध्यम से माता द्वारा महिषासुर वध का सुंदर चित्रण किया गया। श्रद्धालुओं ने झांकियों का आनंद लेते हुए माता के जयकारे लगाए।

महाआरती और झांकियों के बाद डांडिया नृत्य का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं व बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल उत्सवमय बन गया।
इससे पहले सोमवार को माता की विशेष आरती के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
बुधवार को भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आकर माता का आशीर्वाद लेने की अपील की।
महोत्सव का समापन गुरुवार को सिंदूर पूजन और मूर्ति विसर्जन के साथ किया जाएगा।




















