गांधीजी के विचार आज भी मानवता के लिए प्रेरणा- गजानंद सेवग
NEXT 3 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर महापुरुष समारोह समिति की ओर से शुक्रवार को नागरिक विकास परिषद भवन, आडसर बास में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दो व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

समाजसेवा में विशेष योगदान के लिए ओमप्रकाश राठी (जीव दया गौशाला समिति) को ‘महात्मा गांधी स्मृति सम्मान 2025’ और शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या विद्या गुसाईं को ‘शिक्षक सम्मान 2025’ से नवाजा गया। दोनों को प्रशस्ति-पत्र, शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीगोपाल राठी ने की। मुख्य अतिथि समाजसेवी सत्यनारायण बाहेती, विशिष्ट अतिथि निर्मल कुमार पुगलिया और मुख्य वक्ता पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी गजानंद सेवग मंचासीन रहे।

मुख्य वक्ता गजानंद सेवग ने कहा कि “गांधी ने सत्य, अहिंसा और सदाचार से विश्व व्यवस्था में बदलाव किया। उनके विचार आज भी मानवता के लिए कल्याणकारी हैं।”
मुख्य अतिथि बाहेती ने कहा कि संस्था समाज में सकारात्मक सोच और वैचारिक मूल्यों की स्थापना में सराहनीय कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि पुगलिया ने कहा कि समाज में अच्छाइयों की स्थापना के लिए महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना जरूरी है।

संस्था मंत्री सुशील सेरडिया ने बताया कि समिति महापुरुषों के आदर्शों पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैला रही है। अध्यक्ष राठी ने कहा कि “गांधी के सिद्धांतों को अपनाने वाले ओमप्रकाश राठी जैसे समाजसेवी प्रेरणास्रोत हैं।”
कार्यक्रम में प्रदीप पुगलिया, विजयराज सेवग, विजय महर्षि, सत्यदीप सहित कई सदस्यों ने विचार रखे। सौजन्य मुल्तानी मैया की स्मृति में निर्मल कुमार पुगलिया का रहा। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















