NEXT 24 अक्टूबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान में शिक्षकों के लिए एक बार फिर बड़ी भर्ती आने वाली है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती परीक्षा जनवरी 2026 में आयोजित की जा सकती है। बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि भर्ती परीक्षा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, इस बार 7500 पदों पर लेवल-1 और लेवल-2 दोनों स्तरों के शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। परीक्षा की संभावित तारीखें 17 से 21 जनवरी 2026 के बीच तय की गई हैं।
नवंबर में जारी होगा नोटिफिकेशन
आलोक राज ने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों से 66 पदों में बढ़ोतरी को लेकर बातचीत चल रही है। अगर पदों की संख्या बढ़ती है तो भर्ती का नोटिफिकेशन नवंबर के आखिरी सप्ताह तक जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीखों में भी मामूली बदलाव संभव है।
पिछले साल फरवरी में हुई थी रीट परीक्षा
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से पिछले साल फरवरी में रीट परीक्षा आयोजित की गई थी। इसका परिणाम मई में जारी हुआ था।
रीट में लेवल-1 में 1 लाख 95 हजार 847 और लेवल-2 में 3 लाख 93 हजार 124 अभ्यर्थी पास हुए थे। यानी आगामी ग्रेड थर्ड भर्ती परीक्षा में 6 लाख 36 हजार से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होने की संभावना है।
संभावना यह भी है कि इस बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी, और परीक्षा केंद्र जिलेवार स्तर पर निर्धारित किए जाएंगे।















