कॉलेजों और स्कूलों में मास्टर ट्रेनर्स ने दिए ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भरने के निर्देश
NEXT 15 नवंबर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश के तहत विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 को लेकर शुक्रवार व शनिवार को व्यापक जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

14 नवंबर को श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ और निजी महाविद्यालय में तथा 15 नवंबर को राजकीय सदूदेवी पारख कन्या महाविद्यालय और सेसोमु स्कूल में मास्टर ट्रेनर्स पवन कुमार माली और मनीष सैनी ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
ट्रेनर्स ने बताया कि यदि छात्र स्वयं मतदाता हैं, तो उन्हें अपना तथा अपने परिवार का परिगणना प्रपत्र ऑनलाइन भरना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया को सरलता से पूरा करने की चरणबद्ध जानकारी भी दी गई।

24×7 टीम को भी दिया हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण
निर्वाचन विभाग द्वारा नियुक्त 24×7 टीम को पंचायत समिति सभागार में परिगणना प्रपत्र ऑनलाइन भरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम को BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।

4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा अभियान
निर्वाचन विभाग के अनुसार 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक परिगणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और BLO ऐप से ऑनलाइन डिजिटाइजेशन किया जाएगा। यह कार्यक्रम निर्वाचन आयोग का समयबद्ध विशेष पुनरीक्षण अभियान है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन निर्वाचन शाखा से ओमप्रकाश, पूरबचंद, मास्टर ट्रेनर्स मनीष सैनी, पवन माली, नौरतमल शर्मा, सहीराम भामू और श्रवण मोटासरा ने संयुक्त रूप से किया।




















