NEXT 20 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘ईको भारत’ संस्था ने अब शहरी सीमाओं से निकलकर ग्रामीण अंचलों की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के मुख्य बाजार और रेलवे स्टेशन परिसर में कार्यशाला व जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

मुख्य बाजार से रेलवे स्टेशन तक फैली जागरूकता की अलख
अभियान की शुरुआत ईको भारत के संस्थापक सम्पत सारस्वत ‘बामनवाली’ की उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य बाजार और रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जहां सड़क सुरक्षा के तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
टेम्पो-टैक्सी-रिक्शा चालकों पर रहा फोकस
इस अभियान में क्षेत्र के सैकड़ों टेम्पो, टैक्सी और रिक्शा चालकों ने भाग लिया।
- जागरूकता रैली: शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली गई, जिसमें “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” के नारों से माहौल गूंज उठा।
- प्रशिक्षण व परामर्श: विशेषज्ञों ने ओवरस्पीडिंग, गलत साइड ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने से होने वाले खतरों को उदाहरणों सहित समझाया।
- शपथ ग्रहण: कार्यक्रम के अंत में चालकों को यातायात नियमों की पालना करने और दुर्घटना में घायलों की मदद करने की शपथ दिलाई गई।
स्थानीय समाजसेवियों की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय गौसेवक व समाजसेवी आनंद जोशी, श्याम गिरी और सतीश मोट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन युवाओं ने टीम के साथ मिलकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
ईको भारत का मिशन: हर जीवन अनमोल
संस्थापक सम्पत सारस्वत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं, बल्कि उजड़ते परिवारों की कहानी हैं। ईको भारत का लक्ष्य राजस्थान के हर गांव और ढाणी तक पहुंचकर हाईवे व ग्रामीण सड़कों पर होने वाले हादसों को न्यूनतम करना है।




















