NEXT 23 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय परिसर में धार्मिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रप्रेरित गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. नवदीप सिंह बैंस के नेतृत्व में सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ माता सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर समस्त संकाय सदस्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम व द्वितीय के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

पूजन कार्यक्रम के पश्चात् महाविद्यालय के संकाय सदस्यों ने जयपुर से प्रसारित राज्य स्तरीय मेगा पीटीएम एवं निपुण मेला समारोह–2026 की लाइव स्ट्रीमिंग में सहभागिता की।
इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय थीम “मेरा वोट, मेरा देश” पर जोर देते हुए छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई गई।
एनएसएस कार्यक्रम संयोजक डॉ. विनोद कुमारी एवं डॉ. हिमांशु काण्डपाल के मार्गदर्शन में छात्राओं ने अवश्य मतदान करने का संकल्प लिया तथा महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में तनुजा कंवर, नीतू परिहार, परमेश्वरी, ऋतु सहित सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




















