NEXT 5 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। एक व्यक्ति के द्वारा एसबीआई बैंक में 200 रुपये के 177 नकली नोट जमा करवाये गए। हालांकि बैंक कर्मचारियों की सजगता से उन्हें पहचान लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीकानेर में मुरलीधर व्यास नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में एक खाताधारक द्वारा जमा कराई गई नकदी में 200-200 रुपए के 177 नोट नकली पाए गए। इसके बाद बैंक प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित SBI ब्रांच में आरोपी ने अपने खाते में नगद रुपए जमा कराए थे। बैंक की नियमित जांच के दौरान नोट संदिग्ध लगे। मशीन से जांच कराने पर सभी नोट नकली निकले। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने नकदी जब्त कर नयाशहर थाने को सूचना दी।
इस मामले में बैंक शाखा प्रबंधक पुरुषार्थ पुरोहित की रिपोर्ट पर पुलिस ने श्याम सुंदर नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 2 फरवरी की बताई जा रही है।
नयाशहर थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के सरकारी कर्मचारी होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट आरोपी के पास कहां से आए और क्या इसके पीछे किसी गिरोह की भूमिका है। जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।
















