बालिका लाइब्रेरी में लगा स्वास्थ्य व विधिक जागरूकता शिविर, छात्राओं को बताया ABHA कार्ड का लाभ
NEXT 5 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। देवनारायण कॉलोनी स्थित बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी में गुरुवार को तालुका विधिक सेवा समिति और उप जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वास्थ्य के अधिकार, डिजिटल हेल्थ और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

ABHA कार्ड से मिलेगी लंबी लाइनों से राहत
उप जिला चिकित्सालय के डीईओ मोहम्मद अनवर खान ने छात्राओं को ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब अस्पताल में लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं है। ABHA ऐप के माध्यम से स्कैन कर तुरंत टोकन जनरेट किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को गंभीर बीमारी की स्थिति में बिना झिझक परिवार से बात करने की भी सलाह दी।

स्वस्थ शरीर से ही गरिमापूर्ण जीवन संभव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएलवी बलराम बेनीवाल ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21 प्रत्येक नागरिक को गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार देता है, लेकिन स्वस्थ शरीर के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य योजना और विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि कानून और स्वास्थ्य दोनों जीवन की रक्षा करते हैं।
फास्ट फूड से दूरी बनाने की सलाह
काउंसलर मदन लाल मीणा ने छात्राओं को फास्ट फूड, चॉकलेट और पैक्ड फूड से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योगिक संस्कृति के अनुसार भोजन के बीच 6 से 8 घंटे का अंतर पाचन तंत्र के लिए लाभकारी होता है।
फर्स्ट एड किट भेंट की
कार्यक्रम के अंत में उप जिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ की ओर से बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी को फर्स्ट एड किट भेंट की गई।
निदेशक योग प्रशिक्षक ओमप्रकाश कालवा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्राओं को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया।
















