NEXT 8 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका क्षेत्र में बने गहरे और चौड़े खुले नाले गौवंश और आमजन के लिए लगातार खतरा बनते जा रहे हैं। रविवार दोपहर करीब 2 बजे हॉस्पिटल रोड पर एक नंदी अचानक खुले नाले में गिर गया। काफी देर तक नाले में तड़पने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सेवादार मौके पर पहुंचे और नंदी को बाहर निकालने के प्रयास किए, लेकिन पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे समय पर नहीं बचाया जा सका।
सेवादार शूरवीर मोदी ने बताया कि “आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति” की ओर से इस समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका के ईओ श्रीवर्धन शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। बाद में सूचना मिलने पर एसआई करणीदान मौके पर पहुंचे, मगर आवश्यक संसाधनों के अभाव में नंदी को नहीं निकाला जा सका और उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद सेवादारों में रोष व्याप्त है। समिति के अध्यक्ष जतन सिंह ने कहा कि नगरपालिका की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि शहर के गहरे खुले नालों पर तुरंत ढक्कन लगाए जाएं ताकि गौवंश और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सेवादारों ने कहा कि यदि समय रहते इन नालों को ढका नहीं गया तो भविष्य में किसी इंसान के लिए भी ये नाले बड़ा हादसा साबित हो सकते हैं।





















