NEXT 17 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित उपखण्ड स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर अवैध कट्स को तत्काल बंद करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, रोड लाइट्स चालू करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने को कहा गया।
नगरपालिका को शहर में अतिक्रमण और अवैध ठेले हटाने, बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने तथा वेंडिंग जोन निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस और परिवहन विभाग को ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निराश्रित गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाने और उन्हें गौशालाओं में शिफ्ट करने की भी योजना बनाई गई है।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



















